– कर्पूरी ठाकुर के बताए रास्ते पर चलने का लें संकल्प- कुशल तिवारी
– जूनियर हाईस्कूल में नाई समाज ने मनाई कर्पूरी ठाकुर की जयन्ती
संतकबीरनगर। अरुण कुमार सिंह
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमन्त्री रहे कर्पूरी ठाकुर वास्तव में दबे कुचले लोगों के नायक थे। उन्होने हमेशा ऐसे लोगों की लड़ाई लड़ी जो वास्तव में दबे कुचले थे। बसपा की मुखिया बहन मायावती ने भी उन्ही की राह का अनुसरण करते हुए दबे कुचले लोगों की लड़ाई लड़ने का काम किया है। उक्त बातें उन्होने जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में नाई महासभा के तत्वावधान में कर्पूरी ठाकुर की जयन्ती पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि कही।

कर्पूरी ठाकुर की जयन्ती पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर
उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होने आगे कहा कि पहले देश को कांग्रेस ने लूटने का काम किया था। अब भारतीय जनता पार्टी लूट रही है। चुनाव में दबे कुचले लोगों के उत्थान की बात करने वाली पार्टियां जीतने के बाद घोषणा पत्र के वादों को रद्दी की टोकरी में डाल देती हैं। प्रदेश की जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरुरत है। समाजवादी पार्टी पर करारा हमला करते हुए उन्होने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश की कानून व व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस और पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। सपा और भाजपा प्रदेश में दंगे कराने का काम कर रही हैं। बसपा की सरकार में गुण्डे और माफियाओं की जगह जेलों में होती है। आज देश की जनसंख्या 1 अरब 25 करोड़ है। जिसमें से 70 करोड़ जनता आज भी गरीब है। यह भारतीय जनता पार्टी के एक मन्त्री का बयान है।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित अतिथिगण
विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित भीष्मशंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी ने कहा कि नाई समाज के लोगों को आज कर्पूरी ठाकुर के पदचिन्हों पर चलने की जरुरत है। नाई समाज के लोग राजनीति में बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी करें। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि सपा की सरकार ने केवल विज्ञापनों में विकास कराया है। उत्तर प्रदेश में आज सड़कों की स्थिति दयनीय है। केवल सैफई का ही विकास हुआ है। पिता, पुत्र और चाचाओं ने मिलकर प्रदेश को जमकर लूटने का काम किया है। प्रदेश को लूटकर अकूत सम्पदा एकत्रित की और अब उसी सम्पत्ति के बटवारे को लेकर झगड़ा किया। झगड़े के बाद अब सहानुभूति का दौर शुरु हुआ है। लेकिन प्रदेश की जनता यह सब समझ रही है। वह इनके झांसे में नहीं आने वाली है।
इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक राम भवन शर्मा, प्रत्याशी धनघटा नीलमणि, प्रत्याशी खलीलाबाद मशहूर आलम चौधरी, प्रत्याशी मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, कुलदीप मणि मिश्रा, पूर्व विधायक भगवानदास, महमूद खान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ सत्यपाल पाल, राघवेंद्र सिंह समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।