धनघटा, संतकबीरनगर। आनन्द पाण्डेय
धनघटा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में शनिवार की सुबह खाना बनाते समय कुकर फटने से एक महिला व बालिका झुलस गई। दोनों को इलाज के लिए हैंसर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
बभनौली गांव निवासी रामरूप की 26 वर्षीय पत्नी शनिवार को भोजन बना रही थी। बगल में ही महुली थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी उनकी भांजी आठ साल की महिमा बैठी थी। खाना बनाने के दौरान कुकर की सीटी चोक हो जाने से बने प्रेशर के चलते कुकर फट गया। कुकर फटने से चपेट में आकर दोनों काफी झुलस गईं। परिवारीजन आनन-फानन में उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैंसर पहुंचे। यहां दोनों का इलाज किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक सभी का इलाज चल रहा है।